मुजफ्फरपुर, मई 01 -- मुजफ्फरपुर शहर के सुनियोजित सुव्यवस्थित विकास, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण और बढ़ती आबादी के दबाव को संतुलित करने के उद्देश्य से 'तिरहुत सैटेलाइट टाउनशिप' नाम से शहर के विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इस संबंध में जिलाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला आयोजना प्राधिकार सुब्रत कुमार सेन ने हितधारकों और आम नागरिकों से 5 मई 2026 तक सुझाव एवं आपत्ति आमंत्रित किया है, इसके आधार बाद शहर के लिए संशोधित , विस्तारित एवं व्यावहारिक योजना तैयार की जाएगी। इस योजना के तहत सुनियोजित, वैज्ञानिक एवं आधुनिक तरीके से शहर का दीर्घकालिक, समावेशी एवं टिकाऊ विकास किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर शहरी क्षेत्र के विस्तार का मूल उद्देश्य उसके आसपास तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों को एकीकृत योजना के तहत लाना है। वर्तमान में मुजफ्फरपुर नगर क्षेत्र सीमित दायरे में है, जबकि शहरीकरण का प्रभाव आसपास के पंचायत और प्रखंड क्षेत्रों तक फैल चुका है। ऐसे में बिना योजना के विकास से अव्यवस्था, अतिक्रमण और आधारभूत सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित