जयपुर , मार्च 01 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रंग, उमंग और आपसी सद्भाव से सराबोर फागोत्सव ढूंढाड़ की धमाल उत्सव को हमारी सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का सशक्त प्रतीक बताते हुए कहा है कि ऐसे आयोजन हमारी विरासत को संजोने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
श्रीमती दिया कुमारी ने रविवार को जयपुर में जय क्लब में ढूंढाड़ परिषद द्वारा आयोजित 13वें विशाल फागोत्सव ढूंढाड़ की धमाल में शिरकत कर यह बात कही। उन्होंने कहा कि ढूंढाड़ क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं, लोक संगीत, फाग गीत और उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
उन्होंने कहा कि हमारे त्योहारों और परंपराओं को संजोने और आगे बढ़ाने में ढूंढाड़ परिषद का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। परिषद ने सदैव सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखने का कार्य किया है।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को होली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित