हाजीपुर , अप्रैल 28 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने मंगलवार को सदर अस्पताल, हाजीपुर में "जियो नन्ही परी" अभियान के अंतर्गत एक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर नवजात बालिकाओं (नन्हीं परियों) एवं उनके अभिभावकों को प्रोत्साहित करने लिये विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया गया।कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने लाभार्थियों के बीच "जियो नन्ही परी" शुभकामना संदेश, बेबी किट एवं जच्चा-बच्चा किट वितरित किये। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिका जन्म को प्रोत्साहित करना, उनके स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित देखभाल को सुनिश्चित करना तथा समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करना है।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि "जियो नन्ही परी" अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक संकल्प है, जिसके माध्यम से बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने माताओं को शिशुओं के समुचित पोषण, नियमित टीकाकरण एवं स्वच्छता के प्रति विशेष सजग रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान कुल 13 नवजात बालिकाओं के अभिभावकों के बीच प्रोत्साहन सामग्री का वितरण किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित