पटना , अप्रैल 03 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने जन विश्वास (संशोधन) विधेयक, 2026 को लोकसभा और राज्यसभा की ओर से पारित किए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह व्यापार और जीवन को सुगमता की ओर बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
श्री सरावगी ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि जन विश्वास (संशोधन) विधेयक से व्यापार सुगम, सरल और पारदर्शी बनेगा। इससे छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप्स और युवाओं को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिलेगा।
उन्होंने इस विधेयक को दोनों सदनों में पारित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' और विश्वास आधारित शासन को नई मजबूती मिल रही है, जो विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जन विश्वास विधेयक रामराज्य की परिकल्पना पर आधारित है जहां शासन का आधार दंड नहीं, न्याय और विश्वास था।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार की कल्पना है कि यह देश विश्वास के आधार पर आगे बढ़े और उसी विश्वास से विकसित भारत 2047 का रास्ता तैयार हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित