पटना , मई 02 -- पटना के जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम ने शनिवार को "दानापुर निजामत नगर परिषद" के रामजी चक क्षेत्र से 'जनगणना 2027' के प्रथम चरण (मकानों का सूचीकरण एवं मकानों की गणना का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने इसे जिले के लिए एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह पहल भविष्य की विकास योजनाओं के लिए सशक्त आधार प्रदान करेगी।उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह शासन-प्रशासन के लिए नीति निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। सटीक और अद्यतन आंकड़ों के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना एवं सामाजिक कल्याण से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सकती है।
जनगणना कार्य को सुचारू एवं कुशलतापूर्वक संचालित करने के उद्देश्य से पटना जिले को दो प्रशासनिक इकाइयों में विभाजित किया गया है। पटना नगर निगम क्षेत्र की जिम्मेदारी नगर आयुक्त को सौंपी गई है, जबकि शेष जिले जिसमें ग्रामीण क्षेत्र एवं अन्य नगर निकाय शामिल हैं के कुल 40 चार्जों का दायित्व जिला पदाधिकारी स्वयं 'प्रधान जनगणना अधिकारी' के रूप में निभा रहे हैं।जनगणना के सफल संचालन के लिये जिले में व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। कुल 8,114 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाए गए हैं, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि जिले के प्रत्येक घर तक पहुंच संभव हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित