रायपुर , फरवरी 26 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने असम के कछार जिले में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार पर जमकर निशाना साधा।

श्री बघेल ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा , "हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार ने जवाहर लाल नेहरू जी की प्रतिमा को इस तरह बुलडोजर से गिराकर भारत का निरादर किया है। उनके भीतर पिछले कुछ बरसों में आरएसएस ने घृणा भर दी है।गांधी को मारने वाले अब नेहरू को इस तरह ख़त्म करना चाहते हैं।लेकिन न वे गांधी के विचारों को वे मार पाए और न ही नेहरू के योगदान को मिटा सकते हैं। ख़त्म होगा तो हिमंत बिस्वा सरमा का नफ़रती राज ख़त्म होगा।"नेहरू की प्रतिमा को नष्ट करने की घटना 23-24 फरवरी की दरमियानी रात असम में कछार जिले के लखीपुर उप-मंडल के पैलापूल बाजार इलाके में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने जेसीबी का इस्तेमाल कर नेहरू की प्रतिमा को उखाड़ फेंका और उसे ले गए। इस दौरान प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को इस वारदात को अंजाम देते हुए देखा जा सकता है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मशीन को जब्त कर लिया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि मशीन चलाने वाला अभी फरार है।

असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सरकार पर "परेशान करने वाली चुप्पी" बनाए रखने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि जिस लखीपुर विधानसभा क्षेत्र में यह घटना हुई, वहां के विधायक और मुख्यमंत्री के करीबी कौशिक राय इस मामले में चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी यह भी जानना चाहती है कि आखिर यह जेसीबी किसकी है और इस वारदात को किसके निर्देश पर अंजाम दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित