पटना , दिसंबर 15 -- िहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने सोमवार को कहा कि चतुर्थ कृषि रोड मैप के अंतर्गत कृषि विभाग ''गाँव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी'' पहल को प्रभावी रूप से धरातल पर उतार रहा है। श्री यादव ने बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान-कल्याण एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकसित बिहार के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य में कृषि को आय-आधारित, रोजगारोन्मुख एवं टिकाऊ स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में चतुर्थ कृषि रोड मैप के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा ''गाँव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी'' पहल को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा रहा है।
कृषि मंत्री ने बताया कि उद्यानिक फसलों की संगठित एवं व्यवसायिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ''क्लस्टर में बागवानी की योजना'' का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत कुल चार करोड़ 58 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बागवानी को एक ग्रामीण उद्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
श्री यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए योजना का लक्ष्य 100 एकड़ निर्धारित किया गया है, जिससे गुणवत्ता और परिणामों पर विशेष फोकस किया जा सके।
कृषि मंत्री कहा कि विभाग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि योजना का क्रियान्वयन गुणवत्ता-आधारित, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख हो, जिससे संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग हो सके और किसानों को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत केवल वही क्लस्टर भुगतान के लिए मान्य होंगे, जिनका कुल रकबा 25 एकड़ या उससे अधिक होगा तथा जिनमें पौधों की न्यूनतम 75 प्रतिशत उत्तरजीविता सुनिश्चित होगी। इससे योजना में गुणवत्ता, टिकाऊपन और पारदर्शिता को मजबूती मिलेगी।
श्री यादव ने कहा कि ''क्लस्टर में बागवानी की योजना'' प्रधानमंत्री श्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री श्री कुमार के कृषि-आधारित विकास मॉडल को जमीन पर उतारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण बिहार में रोजगार, समृद्धि और सम्मान का नया अध्याय लिखेगी तथा ''गाँव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी'' को वास्तविक अर्थों में साकार करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित