तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 08 -- केरल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ़ ने बुधवार को निर्वाचन आयोग से कथित "कैश-फॉर-वोट" मामले में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि पलक्कड में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मतदाताओं को राजग उम्मीदवार और भाजपा नेता शोभा सुरेंद्रन की मौजूदगी में पैसे बांटे गए। श्री जोसेफ ने कहा कि सामने आए वीडियो के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला दर्ज किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केरल में भी "पैसे लेकर वोट" की संस्कृति लागू करने की कोशिश कर रही है और धन के स्रोत की गहन जांच होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा पैसे के जरिए मतदाताओं को प्रभावित कर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आरोप लगाया कि इस कथित घटना का विरोध करने और वीडियो रिकॉर्ड करने वालों को राजग उम्मीदवार द्वारा धमकाया गया।
भाजपा के साथ-साथ माकपा पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि "जहां माकपा फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेती है, वहीं भाकपा पैसे के जरिए वोट प्रभावित करने की कोशिश करती है," और दोनों लोकतंंत्र के लिये खतरा हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित