बैतूल , दिसंबर 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के रतनपुर में आयोजित गुरूसाहब बाबा मेले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मनोरंजन से ज्यादा किसानों का दर्द गूंजता नजर आ रहा है।
लगभग एक महीने तक चलने वाले इस मेले में रोज सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, ऐसे ही एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हे। वजह बना एक ऐसा भजन, जिसने मक्का की गिरती कीमतों से जूझ रहे किसानों की पीड़ा को शब्दों और सुरों में ढाल दिया।
सीहोर जिले के सोयत से आए महावीर भजन मंडल के कलाकार शंभू चौबे ने जैसे ही गाया, "कक्का कह रहे दद्दा, कितनी सस्ती कर दी मक्का, लगा है सबको धक्का." पूरा पंडाल ठहर सा गया। भजन के बोलों में किसानों की चिंता साफ झलक रही थी- "भैया मक्का पर भरोसा था पक्का, पर कितनी सस्ती कर दी मक्का. बच्ची की शादी टूट गई है, धोखा दे गई मक्का." इन पंक्तियों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। प्रदेश में मक्का का समर्थन मूल्य 2400 रुपये प्रति क्विंटल तय है, लेकिन बाजार में किसानों को 1200-1300 रुपये ही मिल पा रहे हैं। पिछले साल जहां मक्का 2300 रुपये तक बिकी थी, वहीं इस बार कीमतों में आई भारी गिरावट के चलते किसान हताश हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित