रायगढ़ , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश के रायगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में संचालित "ऑपरेशन आघात" के तहत 190 लीटर अवैध महुआ शराबा जब्त की और पुलिस ने आठ शराब की भट्ठियां ध्वस्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिंह के निर्देश पर रायगढ में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एडिशनल एसपी) अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी ।
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम घरघोड़ी स्थित खेतधरहा नदी किनारे घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर आरोपी छोटू डनसेना को अवैध रूप से महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अवैध बिक्री के उद्देश्य से शराब निर्माण करना स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 190 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 19 हजार रुपये है, जब्त की। इसके अलावा शराब बनाने में प्रयुक्त बड़े सिल्वर बर्तन, टिन टीपा सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। मौके पर संचालित आठ अवैध भट्ठियों को भी नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी द्वारा क्षेत्र में मुनादी कर अवैध शराब निर्माण में लिप्त लोगों को सख्त चेतावनी दी गई है।
एसएसपी सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित