शिलांग , जनवरी 16 -- मेघालय के मुख्यमंत्री एवं नेशनल पीपल्स पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉनराड संगमा ने शुक्रवार को कहा कि प्रस्तावित 'एक पूर्वोत्तर' राजनीतिक मंच के मुद्दे पर कई राजनीतिक नेताओं के साथ बातचीत चल रही है।

श्री संगमा ने हालांकि उत्तर-पूर्वी राज्यों की राजनीतिक पार्टियों को एक साथ लाने की इस पहल को ज़रूरी लेकिन जटिल बताया। उन्होंने बताया, "यह कवायद कोई छोटा राजनीतिक समझौता नहीं है, बल्कि एक लंबी प्रक्रिया है जिसका मकसद वह हासिल करना है जो कई पार्टियों ने दशकों से करने की कोशिश की है और नाकाम रही हैं।"उन्होंने कहा कि जैसा कि पहले बताया गया था, खासकर पिछले 45 दिनों से बातचीत चल रही है। उन्होंने इन चर्चाओं को 'महत्वपूर्ण' बताया। उन्होंने कहा कि इसको लेकर विस्तृत जानकारी मुहैया नहीं करायी और कहा कि अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गयी है।

श्री संगमा ने कहा, "मैं बस इतना कह सकता हूं कि हम कई नेताओं से बात कर रहे हैं और इस विचार को लेकर काफी उत्साह है। यह कुछ ऐसा है जो बहुत ज़रूरी है, बहुत से लोगों ने देखा है कि यह बहुत सकारात्मक है।"'एक पूर्वोत्तर' राजनीतिक मंच का नेतृत्व नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी), त्रिपुरा की टिपरा मोथा जैसी पार्टियां कर रही हैं, ताकि सत्ता के गलियारों में पूर्वोत्तर के लिए एक एकजुट आवाज़ पेश की जा सके और केंद्र सरकार की ओर से इस क्षेत्र को ज़्यादा महत्व दिया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित