नयी दिल्ली , दिसम्बर 19 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली नगर निगम के अशोक विहार वार्ड के उपचुनाव में विजयी भाजपा उम्मीदवार की जीत को अदालत में चुनौती देने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है और कहा है कि इससे यह साबित हो गया कि 'आप' लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और जनादेश पर यकीन नहीं है।

श्री सचदेवा ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि आज 'आप' ने हाल ही में हुए दिल्ली नगर निगम के अशोक विहार वार्ड के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की 405 वोटों से हुई जीत को न्यायालय में चुनौती दी है, जिससे यह साबित हो गया कि उसके (आप) नेताओं को लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और जनादेश पर यकीन नहीं है।

उन्होंने कहा कि कल 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब निकाय चुनावों की समीक्षा करते हुए कह रहे थे कि एक वार्ड में मात्र पांच वोट से विपक्षी दल के प्रत्याशी की जीत ने दर्शा दिया की चुनाव कितने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से हुए है, लेकिन दिल्ली में 405 वोट से एक 'आप' के प्रत्याशी को मिली हार उनको हज़म नहीं हुई और उन्होंने न्यायालय में चुनौती दे दी। यह है 'आप' का असली चेहरा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित