पटना , मार्च 06 -- बिहार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने राज्य की लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (टीडीपीएस) के अंतर्गत खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से 'अन्न पर्यवेक्षण कवच' नामक अत्याधुनिक डिजिटल निगरानी प्रणाली लागू की है।
यह प्रणाली बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (बीएसएफसी) के माध्यम से संचालित की जा रही है, जिसके द्वारा खाद्यान्न की आपूर्ति श्रृंखला की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।इस प्रणाली के अंतर्गत व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (वीटीएस) को लागू किया गया है, जिसके तहत खाद्यान्न परिवहन में लगे प्रत्येक वाहन में जीपीएस डिवाइस तथा लोड सेल डिवाइस स्थापित किए गए हैं। इन उन्नत तकनीकों के माध्यम से खाद्यान्न के उठाव से लेकर अंतिम वितरण केंद्र तक संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन की रियल टाइम ट्रैकिंग, निगरानी एवं डिजिटल रिकॉर्डिंग संभव हो रही है।
इस तकनीकी पहल की सराहना भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) द्वारा भी की गई है।
बीईएल ने अपने वक्तव्य में कहा है कि बीएसएफसी देश के अग्रणी राज्य खाद्य निगमों में से एक है, जिसने खाद्यान्न परिवहन प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जीपीएस धारित वाहन ट्रैकिंग एवं लोड मॉनिटरिंग जैसी उन्नत तकनीकों को सफलतापूर्वक लागू किया है।
बीईएल के अनुसार, बीएसएफसी ने तकनीक आधारित लॉजिस्टिक प्रबंधन को सुदृढ़ बनाकर अन्य राज्यों के लिए एक प्रेरणादायी मॉडल और रोल मॉडल प्रस्तुत किया है।प्रणाली के तहत एफसीआई एवं सीएमआर गोदामों से जियो-जोन के भीतर जैसे ही खाद्यान्न का उठाव किया जाता है, उसी समय प्रेषक एवं प्राप्तकर्ता गोदाम प्रबंधक, संबंधित जिला प्रबंधक तथा एसएफसी कंट्रोल पोर्टल को स्वतः एसएमएस के माध्यम से सूचना प्राप्त हो जाती है। इससे उठाव की प्रत्येक गतिविधि की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित