भुवनेश्वर , फरवरी 05 -- केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ओडिशा सरकार से केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई बीएसएनएल को देय 28.54 करोड़ रुपये के बकाया का जल्द से जल्द भुगतान करने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा, "बीएसएनएल को क्षेत्रीय और राष्ट्रीय विकास के लिए आवश्यक संचार सेवाएं जारी रखने में सक्षम बनाने के लिए राज्य सरकार का समर्थन महत्वपूर्ण है।"मुख्यमंत्री मोहन माझी को लिखे एक पत्र में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 31 दिसंबर, 2025 तक ओडिशा राज्य के विभागों और संगठनों पर 28.54 करोड़ रुपये बकाया थे। सुरक्षित और भरोसेमंद दूरसंचार सेवा देने में बीएसएनएल की अहम भूमिका के मद्देनजर इसके संचालन और सेवा की गुणवत्ता बनाये रखने के लिए बकाया का समय पर भुगतान जरूरी है।

मंत्री ने कहा, "बीएसएनएल देश भर में, विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह सशस्त्र बलों सहित प्रमुख सरकारी विभागों की मदद करता है और कई बैंकों और संस्थानों की सेवा करता है। अपने व्यापक नेटवर्क और मजबूत उपस्थिति के साथ बीएसएनएल नागरिक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करने के लिए एक विश्वसनीय और भरोसेमंद सेवा प्रदाता बना हुआ है।"बीएसएनएल के वित्तीय दबाव को देखते हुए भारत सरकार ने इसकी व्यवहार्यता और प्रतिस्पर्धात्मकता को बनाये रखने के लिए 2019, 2022 और 2023 में पुनरुद्धार पैकेजों को मंजूरी दी है। पत्र के अनुसार, इसके बावजूद कंपनी को अपने नियमित संचालन और दूरसंचार बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए निरंतर नकदी प्रवाह की आवश्यकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित