देवरिया , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश में सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर की रोकथाम के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का प्रदेशव्यापी शुभारंभ किया गया। देवरिया में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से तथा उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ में अभियान का शुभारंभ किया। देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, प्राचार्या डॉ. रजनी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि अभियान के तहत प्रदेश की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शीघ्र ही यह टीका सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए अभिभावकों की सहमति आवश्यक होगी।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले कैंसरों में दूसरा सबसे आम कैंसर है और कुल मामलों का लगभग 22.86 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि गर्भाशय कैंसर के नए मामलों एवं मृत्यु दर में वृद्धि दर्ज की जा रही है, जबकि सर्वाइकल कैंसर ऐसा कैंसर है जिसकी रोकथाम टीकाकरण से संभव है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित