होशियारपुर , मार्च 10 -- पंजाब के होशियारपुर जिले में कई रेस्टोरेंट और ढाबा मालिक कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
होशियारपुर में एक गैस एजेंसी के मालिक हरजीत चीमा ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की भारी किल्लत है क्योंकि बॉटलिंग प्लांट से भरे हुए सिलेंडर नहीं आ रहे हैं। उन्होने कहा, "अगर बॉटलिंग प्लांट से सिलेंडरों की रिफिलिंग और आपूर्ति नहीं होती है, तो हमारे लिए ग्राहकों को सिलेंडर उपलब्ध कराना मुश्किल हो जाता है।" उन्होंने बताया कि होशियारपुर में फिलहाल एक कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,980 रूपये 50 पैसे है। चीमा ने आगे कहा कि पहले संभव होने पर एजेंसी स्तर पर ग्राहकों को कीमत में कुछ राहत दी जाती थी, लेकिन वर्तमान कमी ने इसे कठिन बना दिया है।
होशियारपुर की ही एक अन्य गैस एजेंसी मालिक मेघा ओहरी ने कहा कि बॉटलिंग प्लांट से आपूर्ति फिर से शुरू होने पर स्थिति में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "जैसे ही आपूर्ति बहाल होगी, ग्राहकों को आवश्यकतानुसार सिलेंडर सप्लाई कर दिए जाएंगे।" रेस्टोरेंट और ढाबा मालिकों ने भी इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की है।
रेस्टोरेंट मालिक संजीव सैनी और ढाबा चलाने वाले प्रदीप सूद ने बताया कि कमर्शियल एलपीजी की कमी ने उनके कारोबार के संचालन में गंभीर मुश्किलें पैदा कर दी हैं। उन्होंने कहा कि सिलेंडर अब लगभग 1,980 रुपये की पूरी बाजार कीमत पर ही उपलब्ध हैं और पहले मिलने वाली छूट या रियायतें अब बंद हो गई हैं।
सैनी ने बताया कि खाने-पीने की दुकान चलाने के अलावा वह कैटरिंग का काम भी करते हैं और इस कमी के कारण मांग पूरी करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि वे अपनी रसोई चलाने के लिए वैकल्पिक विकल्पों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन चेतावनी दी कि यदि कमी जारी रही, तो उन्हें लकड़ी के चूल्हों जैसे पारंपरिक तरीकों पर वापस लौटना पड़ सकता है, हालांकि लकड़ी भी महंगी है और आसानी से उपलब्ध नहीं है।
इस बीच, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि वैश्विक ईंधन आपूर्ति को प्रभावित करने वाले वर्तमान भू-राजनीतिक व्यवधानों को देखते हुए, एलपीजी उत्पादन बढ़ाने और घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ अस्पतालों व शैक्षणिक संस्थानों जैसे आवश्यक गैर-घरेलू क्षेत्रों के लिए इसकी उपलब्धता को प्राथमिकता देने के कदम उठाए गए हैं। अन्य गैर-घरेलू क्षेत्रों के अनुरोधों की समीक्षा तेल विपणन कंपनियों के कार्यकारी निदेशकों की एक समिति द्वारा की जाएगी और योग्यता, आवश्यकता तथा उत्पाद की उपलब्धता के आधार पर उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित