होशियारपुर , मार्च 24 -- पंजाब के होशियारपुर जिले के गढ़दीवाला इलाके में दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक स्थानीय व्यापारी के घर पर कथित तौर पर गोलियां चलाकर लोगों में दहशत फैला दी। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

एसएचओ उप निरीक्षक सतपाल ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब 10 बजे हुई। जैन कॉलोनी के निवासी चंदर किशोर उर्फ घूगा के घर के मुख्य गेट पर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की। चंदर किशोर गढ़दीवाला के गांधी चौक पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं।

एसएचओ सतपाल ने कहा, "इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।" सूचना मिलते ही गढ़दीवाला थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि गाेलीबारी के पीछे के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न कोणों से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित