पटना , फरवरी 05 -- होली और ईद के त्योहारों के मद्देनज़र बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा के लिये 23 फरवरी से 23 मार्च तक करीब 200 अंतर्राज्यीय बसों के परिचालन का निर्णय लिया है।

इन बसों की ऑनलाइन टिकट बुकिंग गुरुवार से निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो गई है। यात्री अपनी पसंद की सीट चुनकर यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग से भुगतान कर सकते हैं।

निगम ने ऑन-स्पॉट ई-टिकटिंग की सुविधा भी दी है, जिसके तहत यात्री बस में चढ़ने के बाद टिकट ले सकेंगे। बीएसआरटीसी के अनुसार, यह व्यवस्था ट्रेन में टिकट न मिलने की समस्या को कम करेगी और यात्रियों को आरामदायक और किफायती सफर उपलब्ध करायेगी।

इन बसों का संचालन दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के प्रमुख रूटों पर किया जायेगा। दिल्ली के लिये 62, पानीपत और अंबाला के लिये 40 और रांची के लिये 10 बसें निर्धारित की गई हैं। बसें पटना, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, गया जी समेत अन्य जिलों से चलेंगी। एसी, स्लीपर और एसी-स्लीपर श्रेणी की बसों के किराये में विशेष छूट भी दी जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित