मुरैना , मार्च 02 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सबलगढ़ कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होली के त्यौहार से पूर्व मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन डेयरियों पर अचानक छापे मारकर करीब एक कुंटल मिलावटी पनीर और लगभग 80 किलो मावा जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार होली के मद्देनजर विभाग को शिकायतें मिली थीं कि कस्बे की कुछ दुग्ध डेयरियों में बड़े पैमाने पर मिलावटी पनीर और मावा तैयार किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन डेयरियों पर छापामार कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब एक कुंटल पनीर और 80 किलो मावा जब्त किया। साथ ही अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे पांच घरेलू गैस सिलेंडर भी कब्जे में लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जब्त किए गए पनीर और मावा के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित डेयरी संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित