प्रयागराज , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होली से पहले सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए दारागंज स्थित सेवा समिति और धकाधक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार देर रात भव्य मुगदर बरात निकाली गई। पुष्पराज पांडेय के नेतृत्व में वैदिक पूजन के बाद संस्था के अध्यक्ष तीर्थराज पांडेय 'बच्चा भैया' और पार्षद अनुपमा पांडेय ने पहलवानों को टीका लगाकर मुगदर धारण कराया। मद्रासी मुगदर को दूल्हा बनाकर ट्रैक्टर पर विराजमान किया गया, जिसके पीछे ऊंट, घोड़े, डीजे और भांगड़ा दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

बरात डॉ. प्रभात शास्त्री मार्ग से होते हुए निराला चौराहा पहुंची, जहां पहलवानों ने मुगदर भंजन प्रतियोगिता में अपने-अपने कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन धकाधक काव्य सम्मेलन के साथ हुआ, जिसमें शिवाकांत त्रिपाठी 'सरस', महक ज्ञानपुरी, विवेक सत्यांशु निखिल, मनीष पांडे, डॉ. पीयूष मिश्रा, डॉ. नीलिमा मिश्रा और सुधांशु शुक्ला सहित अन्य कवियों ने काव्य पाठ किया। संचालन डॉ. शंभूनाथ त्रिपाठी 'अंशुल' ने किया।

इस अवसर पर विधायक दीपक पटेल, विधायक हर्षवर्धन, महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता तथा डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि मुगदर बरात के बाद होलिका दहन से एक दिन पूर्व पारंपरिक हथौड़ा बरात निकाली जाएगी, जिसका शहरवासियों को पूरे वर्ष इंतजार रहता है। यह बरात चौक कोतवाली घंटाघर होते हुए केसरवानी स्कूल में संपन्न होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित