सरगुजा , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा में होली पर्व से ठीक पहले अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। टीम ने थाना रघुनाथपुर क्षेत्र के उचडीह-मोहनपुर मार्ग पर गश्त के दौरान संदिग्ध रूप से आ रही दो बाइकों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर बाइकों में से एक पर पीछे बैठा व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जबकि टीम ने घेराबंदी कर बाइक चालक को दबोच लिया। आबकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान आशीष पटेल, निवासी कोट (चौकी रघुनाथपुर, थाना लुंड्रा) बताई।
तलाशी के दौरान आरोपी की पीठ पर लटके पिठ्ठू बैग से एक-एक किलो के चार अलग-अलग पैकेट बरामद हुए। जब इन्हें तौला गया तो कुल 4 किलोग्राम गांजा होना पाया गया। यह कार्रवाई इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि होली के त्योहार के दौरान अक्सर मादक पदार्थों की खपत और तस्करी में बढ़ोतरी हो जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित