होली पर मारपीट से भड़के व्यापारी कीर्तिनगर बाजार बंद कर किया प्रदर्शनटिहरी , मार्च 05 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में होली के दिन हुई मारपीट की घटना के विरोध में गुरुवार को स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज व्यापारियों ने पूरे बाजार को बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी कार्यालय एवं कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के पास नैथाना क्षेत्र के कुछ युवकों और व्यापारियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि दो अन्य लोग भी घायल हो गए।

घटना से नाराज व्यापारियों ने आज बाजार बंद रखकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। बड़ी संख्या में व्यापारी उपजिलाधिकारी कार्यालय कीर्तिनगर पहुंचे और नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से संचालित करने, ओवरस्पीड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।

इस दौरान उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों से वार्ता करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित