गोरखपुर , फरवरी 7 -- रेल यात्रियों की सफल, सुखद एवं मंगलमय यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय रेल आगामी होली पर्व पर 1 से 22 मार्च तक देश के विभिन्न नगरों के बीच 1410 होली विशेष ट्रेनों का संचालन करेगी। रेलवे प्रशासन द्वारा त्योहारों के अवसर पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष गाड़ियों का संचालन किया जाता है।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए लालकुआं-राजकोट, बढ़नी-अमृतसर, गोमतीनगर-खातीपुरा तथा बनारस-आनंद विहार टर्मिनस सहित विभिन्न मार्गों पर 62 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। विशेष ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
प्रवक्ता ने बताया कि गत वर्ष होली के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे से 45 त्योहार विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। इस वर्ष अब तक की योजना के अनुसार 62 विशेष ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है। इन ट्रेनों से यात्री सुविधाजनक ढंग से अपने घर पहुंचकर परिवारजनों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मना सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित