लखनऊ , मार्च 02 -- होली के पावन पर्व पर सोमवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से जन भवन में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों ने शिष्टाचार भेंट कर होली की शुभकामनाएँ दीं।
इससे पूर्व विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे के नेतृत्व में जन भवन में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने भी राज्यपाल से भेंट कर उन्हें रंगोत्सव की बधाई दी। राज्यपाल ने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर के अवगुणों का त्याग कर समाज के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जन भवन में विगत वर्षों में अनेक रचनात्मक और नवाचारपूर्ण कार्य हुए हैं तथा भविष्य में भी कई महत्वपूर्ण पहलें प्रस्तावित हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों से उन्होंने अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा एवं विकास के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने बताया कि आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन में हाल ही में इसरो लैब की स्थापना की गई है, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित