राजनांदगांव , फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना लालबाग में शांति समिति की विशेष बैठक आज आयोजित की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में हुई इस बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में सीएसपी वैशाली जैन, प्रशिक्षु डीएसपी सुमन जायसवाल, नायब तहसीलदार देविका ध्रुव और थाना प्रभारी रमेश पटेल सहित क्षेत्र के 29 ग्रामों के सरपंच, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि होली के दौरान डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं समय-सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा। निर्धारित समय का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने चेतावनी दी कि शराब या मादक पदार्थों के सेवन के बाद हुड़दंग, मारपीट या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई कि होली का पर्व सभ्य और शालीन तरीके से मनाएं तथा किसी भी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन रंग न लगाएं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।

फाग प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि होली के अवसर पर क्षेत्र में विशेष गश्त और पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया तथा प्रशासन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित