आगर-मालवा , मार्च 2 -- आगर-मालवा जिले में होलिका दहन एवं धुरेंडी पर्व पर शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 550 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पर्व के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की गई है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी तथा कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित ब्रीफिंग में ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को संबोधित करते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता एवं अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। होलिका दहन स्थलों, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अवैध गतिविधि, शराब पीकर वाहन चलाने या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह विशेष ड्यूटी 4 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी।

रमजान माह के दृष्टिगत धार्मिक भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी समुदाय द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी, भड़काऊ नारे या सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट पर तत्काल संज्ञान लेने तथा अफवाहों का त्वरित खंडन करने के निर्देश दिए गए हैं।

ब्रीफिंग में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मोतीलाल कुशवाहा, थाना प्रभारी कोतवाली शशि उपाध्याय, यातायात थाना प्रभारी आजाद यशवंतराव गायकवाड, महिला थाना प्रभारी केसरसिंह राजपूत, सूबेदार जगदीश यादव, सूबेदार जितेंद्र शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली एवं रमजान पर्व सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित