वॉशिंगटन , मई 04 -- अमेरिका की सेंट्रल कमांड ने ईरानी सरकारी मीडिया के उन दावों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी नौसैनिक जहाज पर मिसाइलों से हमला किया गया है।
सेंटकॉम ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में इन रिपोर्टों को खारिज करते हुए कहा, "अमेरिकी नौसेना के किसी भी जहाज पर हमला नहीं हुआ है।"इससे पहले ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' ने सेना के बयान के हवाले से कहा था कि उसकी नौसेना ने 'कड़ी और त्वरित चेतावनी' जारी की थी, जिसने अमेरिकी-इजरायली 'दुश्मन विध्वंसक पोतों' को होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश करने से रोक दिया।
इसके अलावा ईरान ने सोमवार को दावा किया कि उसने एक अमेरिकी युद्धपोत को रणनीतिक जलमार्ग में प्रवेश करने से रोक दिया है। ईरान का आरोप है कि उसने उस जहाज पर दो मिसाइलों से हमला किया।
ईरान की 'फार्स न्यूज एजेंसी' के अनुसार, ईरानी बलों की चेतावनियों को नजरअंदाज करने के बाद जस्क द्वीप के पास मिसाइलें युद्धपोत से टकरायीं। स्थानीय स्रोतों के हवाले से एजेंसी ने कहा कि इसके बाद वह जहाज वापस लौट गया।
खबरों के मुताबिक, युद्धपोत ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने की कोशिश की थी, तभी वह ईरानी गोलाबारी की चपेट में आ गया, हालांकि किसी भी नुकसान या हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। ईरान की नौसेना ने यह भी दावा किया कि उसने इस क्षेत्र में अमेरिकी युद्धपोतों के प्रवेश को रोक दिया है।
हालांकि सेंटकॉम ने दोहराया कि ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है। यह बयान सीधे तौर पर उन ईरानी रिपोर्टों का खंडन करता है, जिनमें दावा किया गया था कि आगे बढ़ने से रोकने की चेतावनी न मानने पर एक अमेरिकी फ्रिगेट पर हमला किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित