तेहरान/वाशिंगटन , मई 04 -- ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास पहुंच रहे युद्धपोतों पर क्रुज मिसाइल से हमला किया है।

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) से जुड़ी मीडिया एजेंसी 'फ़ार्स न्यूज़' ने बताया कि ईरानी अर्धसैनिक बलों ने ओमान सागर में होर्मुज जलडमरूमध्य के पास पहुँच रहे अमेरिकी नौसेना के विध्वंसक पोतों पर 'क्रूज मिसाइल से चेतावनी के तौर पर हमला' किया है।

इससे पहले भी इसी एजेंसी ने स्थानीय मीडिया के हवाले से दावा किया था कि एक अमेरिकी युद्धपोत मिसाइल हमले की चपेट में आया है, हालांकि अमेरिका ने उस समय इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया था।

ईरान के ताजा दावे पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने अभी तक कोई स्पष्ट पुष्टि या खंडन नहीं किया है। सेंटकॉम ने विस्तार से जानकारी देने से इनकार करते हुए केवल इतना कहा कि अमेरिकी युद्धपोत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' के तहत व्यावसायिक जहाजों के लिए रास्ता बहाल करने के प्रयास में वहाँ से गुजरे थे।

अमेरिकी सेना ने यह भी जानकारी दी कि 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' के तहत अमेरिका के झंडे वाले दो व्यापारिक जहाज सफलतापूर्वक इस जलमार्ग को पार करने में सफल रहे हैं। हालांकि, इन जहाजों की यात्रा या नौसेना द्वारा उन्हें दी गई सुरक्षा के बारे में अधिक विवरण नहीं दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित