अहमदाबाद , फरवरी 02 -- होरीबा ग्रुप की कंपनी होरीबा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने सोमवार को घोषणा की है कि उसने प्रिस्टीन डीपटेक प्राइवेट लिमिटेड के सौ प्रतिशत शेयरों का अधिग्रहण पूरा कर लिया है।
होरीबा लिमिटेड के डायरेक्टर और जनरल मैनेजर ग्रुप स्ट्रेटजी डिवीजन तथा होरीबा इंडिया के चेयरमैन हिदेयुकी कोईशी ने इस अवसर पर कहा, " हमें भारत में अपनी आर एंड डी फैसिलिटी स्थापित करने के लिए प्रिस्टीन डीपटेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी कर बेहद खुशी हो रही है। यह रणनीतिक साझेदारी एडवांस्ड मटेरियल्स और सेमीकंडक्टर्स के क्षेत्र में हमारी क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसके जरिए हम इनोवेशन पर फोकस करेंगे और बाजार में अपनी आर एंड डी क्षमताओं को और सशक्त बनाएंगे। यह साझेदारी भारतीय बाजार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है और ऐसी सॉल्यूशंस देने पर केंद्रित है, जो तकनीकी प्रगति और समाज में सार्थक योगदान दे।"उन्होंने कहा, " यह अधिग्रहण 14 जनवरी 2026 से प्रभावी है, जिसके बाद प्रिस्टीन डीपटेक अब होरीबा की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी बन गई है। प्रिस्टीन डीपटेक सेमीकंडक्टर और क्वांटम रिसर्च के क्षेत्र में लैब ग्रोन डायमंड के उपयोग से जुड़े रिसर्च और डेवलपमेंट के काम में सक्रिय है।"श्री हिदेयुकी कोईशी ने कहा कि प्रिस्टीन डीपटेक गुजरात स्थित एक आर एंड डी आधारित स्टार्टअप है और वर्ष 2023 से होरीबा के साथ व्यावसायिक रूप से जुड़ा हुआ है। डायमंड रिसर्च और वैक्यूम टेक्नोलॉजी में प्रिस्टीन डीपटेक की विशेषज्ञता और होरीबा की विश्व स्तरीय एनालिटिकल और मेजरमेंट टेक्नोलॉजी को जोड़कर सेमीकंडक्टर वुवन वैल्यू चेन के लिए एक मजबूत तालमेल तैयार किया जाएगा। इस साझेदारी के जरिए भारत में एडवांस्ड मटेरियल्स के लिए आर एंड डी का आधार बनेगा और होरीबा को नये सॉल्यूशंस देने तथा वैश्विक बाजार में तेजी से अपनाई जा सकने वाली तकनीकों में इनोवेशन को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि डायमंड अब एक हाई पोटेंशियल एडवांस्ड मटेरियल के रूप में उभर रहा है। इसकी बेहतर थर्मल कंडक्टिविटी और डाइइलेक्ट्रिक स्ट्रेंथ, नेक्स्ट जेनरेशन सेमीकंडक्टर, क्वांटम सेंसिंग, 5जी और 6जी, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, डेटा सेंटर्स, एयरोस्पेस और डिफेंस जैसे क्षेत्रों में डिवाइस परफॉर्मेंस और एनर्जी एफिशिएंसी को बेहतर बना सकती है। आने वाले वर्षों में लैब ग्रोन डायमंड के उपयोग में तेज बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसे में प्रिस्टीन डीपटेक का अधिग्रहण होरीबा की डायमंड टेक्नोलॉजी में विशेषज्ञता को और मजबूत करता है, भारत में आर एंड डी हब के निर्माण को समर्थन देता है और इनोवेटिव एनालिटिकल और मेजरमेंट सॉल्यूशंस देने की क्षमता को बढ़ाता है।
होरीबा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रेसिडेंट डॉक्टर राजीव गौतम ने कहा, "आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया की परिकल्पना के अनुरूप प्रिस्टीन डीपटेक के साथ हमारी यह साझेदारी एक रणनीतिक कदम है, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर एडवांस्ड मटेरियल्स के लिए एनालिटिकल और मेजरमेंट सॉल्यूशंस से जुड़ी होरीबा की आर एंड डी क्षमताएं मजबूत होंगी। इसके साथ हम अपनी दीर्घकालिक सोच को और सुदृढ़ कर रहे हैं और दिखा रहे हैं कि हम इनोवेशन, लोकलाइजेशन और टैलेंट डेवलपमेंट के लिए प्रतिबद्ध हैं।
एडवांस्ड डीप टेक्नोलॉजी और मटेरियल साइंस में भारत का विकास होरीबा की वैश्विक सोच से पूरी तरह मेल खाता है, जिसका उद्देश्य उच्च सटीकता वाले सॉल्यूशंस के जरिए वैज्ञानिक और औद्योगिक प्रगति को आगे बढ़ाना है। यह हमारे वैश्विक इनोवेशन सफर का एक नया चरण है, जो भविष्य के बाजारों को आकार देने वाली तकनीकों के विकास की दिशा में बढ़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित