बैतूल , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए कई होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट पर छापामार कार्रवाई की और सात घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग करते हुए कई प्रतिष्ठान पाए गए।
जांच के दौरान सूरज स्वीट, एबी रेस्टोरेंट, दक्ष मसाला डोसा, मोहन चाइनीज सेंटर, टाप चाट सेंटर, ठाकरे भोजनालय और मामा शालीमार रेस्टोरेंट से कुल सात घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। विभाग ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करते हुए जुर्माने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया गया है कि शहर में पिछले कुछ दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने का फायदा उठाकर कई होटल और रेस्टोरेंट संचालक घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग कर रहे थे। कुछ स्थानों पर घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर व्यावसायिक सिलेंडरों में भरने की शिकायतें भी सामने आई थीं।
जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी के निर्देशन में गठित टीम में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ममता सिरसाम, धर्मदास दीवान और आशीष कुमारे शामिल थे। टीम ने बैतूल गंज और चौपाटी क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों की जांच की।
अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित होते हैं, जबकि होटल, ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी और जहां भी घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया जाएगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित