अंडर-19 विश्वकप लीड ऑस्ट्रेलिया विंडहोक, 16 जनवरी (वार्ता) स्टीवन होगान (नाबाद 115) की शानदार शतकीय पारी और उनकी नितेश सैमुअल (नाबाद 77) के साथ दूसरे विकेट के लिए 186 रन की जबरदस्त साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पुरुष अंडर-19 विश्व कप के पांचवें मुकाबले में शुक्रवार को आयरलैंड को 62 गेंद शेष रहते आठ विकेट से पीट दिया।

आयरलैंड ने रॉब ओ'ब्रायन (79 ) और फ्रेडी ओगिल्बी (49) की जुझारू पारियों के दम पर सात विकेट पर 235 रन का सम्मानजक स्कोर बनाया लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने 39.4 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाकर एकतरफा अंदाज में मुकाबला जीत लिया।

होगान ने 111 गेंदों पर 115 रन की पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया। नितेश ने होगान का बखूबी साथ देते हुए 101 गेंदों पर 77 रन में एक भी बॉउंड्री नहीं लगाई। ओलिवर पीक 15 रन पर नाबाद रहे। विल मालाजुक 22 रन बनाकर आउट हुए।

इससे पहले आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड के लिए फ्रेडी ओगिल्बी और जेम्स वेस्ट की सलामी जोड़ी ने धीमी शुरुआत के साथ पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। 10वें ओवर में जॉन जेम्स ने जेम्स वेस्ट (11) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद 18वें ओवर में सेबेस्टियन डिज्क्स्ट्रा (12) रन बनाकर पवेलियन लौट गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित