हैदराबाद , मार्च 07 -- भारत की यात्रा पर आये अमेरिका के डेलावेयर प्रांत के गवर्नर मैट मेयर ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से शनिवार को यहां जुबली हिल्स स्थित आवास पर मुलाकात की तथा स्वास्थ्य, शिक्षा और डेटा सुरक्षा समेत अलग-अलग सेक्टर में सहयोग बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा की।
बैठक के दौरान श्री मैट मेयर ने श्री रेड्डी को डेलावेयर में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में लागू किए गए सुधारों के बारे में बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री को गरीब और मध्य वर्गीय परिवारों को घर देने, ऋण माफ़ी और अन्य कल्याणकारी उपायों के लिए उठाए गए कदमों के बारे में भी बताया। बातचीत में डेटा सुरक्षा और सार्वभौमिक स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े मुद्दे भी शामिल थे। दोनों पक्षों ने शासन के तरीकों और कल्याणकारी नीतियों पर अपने विचार साझा किये।
श्री मैट मेयर ने श्री रेड्डी को तेलंगाना के प्रतिनिधियों के साथ डेलावेयर आने का न्योता दिया ताकि सहयोग को और मज़बूत किया जा सके और संभावित साझेदारी का पता लगाया जा सके। भविष्य के रिश्तों को लेकर उम्मीद जताते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले सालों में तेलंगाना और डेलावेयर के बीच रिश्ते और मज़बूत होंगे।
यहां जारी आधिकारी बयान के मुताबिक बैठक के दौरान सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एवं उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू, श्री मैट मेयर की पत्नी लॉरेन मेयर और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित