हैदराबाद , अप्रैल 26 -- हैदराबाद सिटी पुलिस ने करोड़ों रुपये के डिजिटल मार्केटिंग धोखाधड़ी मामले में एक सेल्स मैनेजर को गिरफ्तार किया है।

मीरचौक थाना पुलिसकर्मियों ने 25 अप्रैल को गुरुग्राम के रहने वाले और फॉरेवर लिविंंग इम्पोर्ट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड में कंट्री सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हरीश कुमार सिंगला(61) को गिरफ्तार किया। सिंगला पर भोले-भाले लोगों को आसान कमाई के झूठे वादे करके ठगने का आरोप था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), तेलंगाना वित्तीय प्रतिष्ठानों में जमाकर्ताओं के संरक्षण अधिनियम, इनामी चिट और धन परिचालन योजना (प्रतिबंध) अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी एक अवैध डिजिटल मार्केटिंग योजना चलाने में शामिल था, जिसके तहत वह लोगों, विशेषकर युवाओं और गृहिणियों को 'वर्क फाॅॅर होम' के अवसरों के लिए पंजीकरण करवाने का लालच देकर पंजीकरण शुल्क वसूलता था और उन्हें स्लो ट्रैक, मीडियम ट्रैक और फास्ट ट्रैक जैसे पैकेजों में निवेश करने के लिए कहा जाता था। इसके बदले उन्हें असली उत्पादों की बिक्री की बजाय लोगों को भर्ती करने से होने वाली कमाई के जरिए भारी मुनाफे का वादा किया जाता था।

जांच में पता चला कि आरोपी और उसके साथियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए, सोशल मीडिया के जरिए एक आलीशान जीवनशैली का प्रचार किया और प्रतिभागियों को गुमराह करके पैसे जमा किए। रेन बाजार, मीरचौक और मदनपेट थानों में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

इससे पहले इस मामले से जुड़े तीन स्थानीय एजेंटों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक आईपैड सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, साथ ही दस्तावेज, एफएलपी उत्पाद और एक मसिर्डीज बैंज कार जब्त की है। आरोपी से जुड़े बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है, जिनमें लगभग तीन करोड़ रुपये जमा थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित