जोशीमठ , मई 03 -- उत्तराखंड में गढ़वाल हिमालय स्थित पवित्र हेमकुंट साहिब में आगामी यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए महत्वपूर्ण तैयारियां शुरू हो गई हैं।
भारतीय सेना की 418 इंडिपेंडेंट फील्ड कंपनी (9 माउंटेन ब्रिगेड) की टीम और गुरुद्वारा प्रबंधन ट्रस्ट के सेवादार रविवार को गुरुद्वारा परिसर तक पहुंच गये।
संयुक्त टीम ने यहां पहुंचकर अरदास के साथ गुरुद्वारा परिसर के द्वार खोल दिए हैं। अब टीम को प्रतिदिन घांघरिया लौटने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे कार्य में तेजी आएगी और व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
टीम द्वारा हेमकुंट साहिब से अटलकोटी ग्लेशियर तक ट्रैक को चौड़ा करने और मार्ग को सुरक्षित बनाने का कार्य किया जाएगा। इससे कठिन पर्वतीय रास्ते पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित