रांची , फरवरी 07 -- झारखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर बड़ा निशाना साधा।

श्री साहू ने कहा कि हेमंत सरकार पिछले 6 वर्षों से जनता को केवल धोखा दे रही है। आज राज्य के आदिवासी,दलित, पिछड़े सभी समाज के लोग प्रताड़ित हो रहे।

श्री साहू ने आज चतरा, रामगढ़ में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। वहीं श्री साहू ने कहा कि राज्य में सारे उद्योग, धंधे बंद हो रहे। उद्योगपति, व्यापारी परेशान हैं। फिरौती और धमकी की झड़ी लगी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ व्यापारी वर्ग अपराधियों से परेशान हैं वही दूसरी ओर मुख्यमंत्री व्यापारियों को अपमानित करने में जुटे हैं।

श्री साहू ने कहा कि किसानों को राज्य सरकार लगातार धोखा दे रही। 3200 रूपये क्विंटल धान खरीद का वादा पूरी तरह विफल रहा।आज दलाल,बिचौलियों के माध्यम से धान बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में आदिवासी जमीन की लूट मची है। पेसा नियमावली में भी हेमंत सरकार ने जनजाति समाज को धोखा दिया। निकाय चुनाव में राज्य सरकार को सबक सिखाने का मौका आया है।

श्री साहू ने कहा कि मोदी सरकार ने जनता केलिए लोक कल्याणकारी बजट प्रस्तुत किया है जिससे विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ेगा। बजट में झारखंड केलिए भी अनेक संभावनाएं है जिसका लाभ राज्य सरकार को लेना चाहिए।

इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशन लाल चौधरी, रामगढ़ प्रभारी शशिभूषण भगत, अमरनाथ चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रवीण मेहता, अमेंद्र गुप्ता, महामंत्री राजू चतुर्वेदी, रंजीत पांडेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित