भोपाल , मार्च 05 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में कार्यालय परिवार के सदस्यों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, विश्वास, सहयोग और एकता का प्रतीक है। पार्टी की निरंतर सफलता में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कार्यालय परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी संगठन की मजबूत नींव की तरह हैं, जो निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।

श्री खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी की कार्य संस्कृति परिवार भाव पर आधारित है। स्वच्छता कर्मी से लेकर तकनीकी एवं प्रशासनिक सहयोगी तक सभी कर्मचारी संगठन की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में संगठन निरंतर विस्तार कर रहा है, जिसमें कार्यालय परिवार की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि संगठन अपने कर्मचारियों के हितों और सम्मान का ध्यान रखता है तथा सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहता है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मिली सफलता में कार्यालय परिवार के योगदान को भी उन्होंने रेखांकित किया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल तथा सोशल मीडिया संयोजक सुयश त्यागी सहित कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित