अहमदाबाद , मार्च 10 -- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लिए गुजरात टाइटंस ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को टीम का नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है।

हेडन टीम के सपोर्ट स्टाफ में मुख्य कोच आशीष नेहरा, क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी और सहायक कोच पार्थिव पटेल के साथ काम करेंगे। वह इससे पहले पाकिस्तान पुरुष टीम के साथ बल्लेबाजी सलाहकार के रूप में भी काम कर चुके हैं।

नियुक्ति के बाद हेडन ने कहा कि अच्छी बल्लेबाजी विपक्ष पर दबाव बनाती है, जबकि बेहतरीन बल्लेबाजी मैच पर नियंत्रण स्थापित कर लेती है, और यही मानक टीम स्थापित करना चाहती है।

विक्रम सोलंकी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हेडन का अनुभव और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की क्षमता टीम की बल्लेबाजी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

दो बार के एकदिवसीय विश्व कप विजेता और आईसीसी हॉल ऑफ फेम सदस्य हेडन ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी 32 मैच खेले थे। वह 2010 में टीम के साथ आईपीएल खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे और 2009 में टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित