सना , दिसंबर 29 -- यमन के हूती विद्रोही समूह ने इजरायल और सोमालीलैंड के बीच बढ़ती नजदीकियों को लेकर कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगर सोमालीलैंड की धरती पर इजरायल अपनी कोई भी उपस्थिति दर्ज कराता है, तो उसे हूती सेना का "सैन्य लक्ष्य" माना जाएगा।
हूती कमांडर अब्दुलमलिक अल-हूती ने रविवार को स्पष्ट किया कि सोमालीलैंड (सोमालिया का अलग हुआ क्षेत्र) को इजरायल की दी गई मान्यता न केवल सोमालिया की संप्रभुता का उल्लंघन है, बल्कि यह यमन और पूरे अरब जगत की सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती है। उसने आरोप लगाया कि इजरायल इस क्षेत्र का उपयोग अफ्रीकी देशों और यमन के खिलाफ शत्रुतापूर्ण गतिविधियों के लिए एक "लॉन्च पैड" के रूप में करना चाहता है।
हूती कमांडर ने सोमालिया के लोगों के प्रति एकजुटता जाहिर करते हुए कहा कि उनका समूह सोमालिया की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा। उसने मुस्लिम और अरब देशों से अपील की कि वे इजरायल के इस "विस्तारवाद" के खिलाफ एकजुट होकर कड़ा रुख अपनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित