नयी दिल्ली , दिसंबर 17 -- हुरुन इंडिया ने नयी कंपनी खड़ी करने वाले शीर्ष 200 भारतीयों की सूची जारी की है जिसमें इटरनल के दीपिंदर गोयल पहले स्थान पर हैं। हुरुन इंडिया की आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के साथ जारी इस सूची में श्री गोयल ने पहली बार शीर्ष स्थान हासिल किया है। उनका वैल्युएशन 27 प्रतिशत बढ़कर 3.2 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

इस सूची में उन उद्यमियों को शामिल किया गया है जिन्होंने साल 2000 के बाद खुद अपने दम पर कंपनी खड़ी की है।

पिछले साल पहला स्थान हासिल करने वाले एवेन्यु सुपरमार्ट्स के राधाकिशन दमानी का वैल्युएशन 13 प्रतिशत कम हुआ है और यह तीन लाख करोड़ रुपये रह गया है।

इंटरग्लोबल एविएशन (इंडिगो) के राहुल भाटिया और राकेश अग्रवाल को पहली बार इस सूची में जगह मिली है और वे सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। कंपनी का वैल्युएशन 2.2 लाख करोड़ रुपये है। पेटीएम और लेंसकार्ट ने भी शीर्ष 10 में जगह बनायी है जबकि रेजरपे और जेरोधा शीर्ष 10 से बाहर हो गये हैं।

हुरुन इंडिया के संस्थापक एवं मुख्य अनुसंधानकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा कि इस सूची में शामिल सभी उद्यमों का संयुक्त कारोबार 469 अरब डॉलर है। वहीं, सूची में पांच ऐसी कंपनियां भी हैं जिनकी स्थापना साल 2020 के बाद हुई थी। उनका संयुक्त नेटवर्थ 78,000 करोड़ रुपये है।

सूची में मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट के अभय सोय चौथे, स्विगी के हर्ष मजेटी तथा नंदन रेड्डी पांचवें, मेकमायट्रिप के दीप कालरा तथा राजेश मगाव छठे और पॉलिसी बाजार के याशिष दहिया तथा आलोक बंसल सातवें स्थान पर हैं।

आठवें स्थान पर पेटीएम के विजय शेखर शर्मा, नवें स्थान पर नायका की फाल्गुनी नायर तथा अद्वैता नायर और 10वें स्थान पर लेंसकार्ट के पीयूष बंसल, अमित चौधरी, नेहा बंसल और सुमित कपाही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित