चंडीगढ़ , फरवरी 13 -- पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन और गरीब परिवारों के बीपीएल राशन कार्ड काटने का गंभीर आरोप लगाया है।

श्री हुड्डा ने अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि तीसरी बार सत्ता में आने के बाद सरकार अहंकार में निर्णय ले रही है और लाखों जरूरतमंदों को योजनाओं से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अकेले अंबाला जिले में करीब 54 हजार परिवारों के राशन कार्ड और पेंशन बंद की गई है। उनके अनुसार प्रदेशभर में 14 लाख से अधिक राशन कार्ड काटे जा चुके हैं जो चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि हजारों बुजुर्ग अपनी पेंशन दोबारा शुरू करवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, जबकि सरकार सार्वजनिक मंचों से कटौती से इनकार कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान बुढ़ापा पेंशन 300 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये की गई थी जो पांच गुना वृद्धि थी। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने 11 वर्षों में केवल दो गुना बढ़ोतरी की है जबकि महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है।

उन्होंने फैमिली आईडी प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आय बढ़ाकर दिखाने के आधार पर पेंशन काटी जा रही है। श्री हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को आगामी बजट सत्र में मजबूती से उठाएगी और बुजुर्गों के सम्मान भत्ते की बहाली के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित