पटना , मई 01 -- राज्य में बढ़ती गर्मी एवं संभावित लू (हीट वेव) की स्थिति को देखते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है।

विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

सचिव ने निर्देश दिये हैं कि लू के दौरान आमजन को निर्बाध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं की सतत निगरानी की जा रही है।

विभाग की ओर से पाइपलाइन लीकेज की त्वरित मरम्मत, खराब हैंडपंपों को अविलंब ठीक कराने, जल स्रोतों की नियमित जांच एवं जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया है तथा केंद्रीकृत शिकायत निवारण केंद्र के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित