जयपुर , मार्च 28 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा द्वारा पुलिस हिरासत में मौत पर दिए गए बयान को मिथ्यापूर्ण बताया है।
श्री बेढ़म ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि वर्ष 2025-26 में पुलिस हिरासत में मृत्यु के 13 प्रकरण सामने आये हैं। इनमें से तीन मृत्यु प्राकृतिक कारणों (हृदयाघात एवं पूर्व बीमारी) से हुई है, जबकि तीन आत्महत्या, एक मुलजिम के भागते समय दुर्घटनावश एवं छह हिरासत में तबीयत बिगड़ने से हुई हैं।
उन्होंने कहा कि इन सभी प्रकरणों में न्यायिक जांच कराई गई है और अब तक पूर्ण न्यायिक जांचों में कस्टोडियल टॉर्चर अथवा पुलिस दोष नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस पारदर्शिता, जवाबदेही एवं मानवाधिकार संरक्षण हेतु पूर्ण प्रतिबद्ध है। समस्त प्रकरणों में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित की गई है। ऐसे प्रकरणों की पुनरावृत्ति ना हो, इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किये गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित