अहमदाबाद , जनवरी 29 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मण्डल के हिम्मतनगर-खेड़ब्रह्मा नवनिर्मित ब्रॉड गेज रेलखंड का 25 केवी ए.सी. विद्युतीकरण पूर्ण कर लिया गया है और विद्युत ट्रेन परिचालन को मंजूरी मिल गयी है।
मंडल रेल प्रवक्ता ने गुरूवार को बताया कि हिम्मतनगर और खेड़ब्रह्मा को जोड़ने वाली ऐतिहासिक मीटर गेज रेलवे लाइन, जो एक सदी से भी अधिक समय से साबरकांठा क्षेत्र की जीवनरेखा रही थी, अब आधुनिक ब्रॉड गेज रूप में पुनः खुलने जा रही है। हिम्मतनगर से खेड़ब्रह्मा के बीच 55.672 किमी नवनिर्मित ब्रॉड गेज रेलखंड का 25 केवी, 50 हर्ट्ज, ए.सी. इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन प्रणाली के साथ इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
हिम्मतनगर-खेड़ब्रह्मा मीटर गेज सेक्शन पर एक जनवरी 2017 से रेल यातायात बंद किया गया था। इसके उपरांत हिम्मतनगर-खेड़ब्रह्मा गेज परिवर्तन परियोजना, जो गुजरात के साबरकांठा ज़िले में 55 किमी से अधिक की दूरी को कवर करती है, इस परियोजना को दो जून 2022 को 482 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति मिली थी। प्रधानमंत्री जी द्वारा 18 जून 2022 को इस गेज परिवर्तन का शिलान्यास किया था जिसे लगभग 3 साल के रिकॉर्ड समय पूर्ण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
पश्चिम रेलवे के प्रमुख मुख्य इलैक्ट्रिक इंजीनियर (पीसीईई) रजनीश कुमार गोयल, आईआरएसईई द्वारा 28 जनवरी 2026 को इस सेक्शन को यात्री एवं मालगाड़ी सेवाओं के लिए विद्युत इंजनों के संचालन हेतु अधिकृत कर दिया गया है। इस खंड पर ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई), ट्रैक्शन सब-स्टेशन, सेक्शनिंग एवं पैरेललिंग पोस्ट, बॉन्डिंग एवं अर्थिंग व्यवस्था तथा सिग्नलिंग एवं दूरसंचार प्रणालियों के साथ समन्वय जैसे सभी तकनीकी कार्य पूर्ण किए गए हैं। इस सेक्शन पर आठ जनवरी 2026 को इलेक्ट्रिक लोको का सफल ट्रायल किया गया था। पीसीईई एवं अहमदाबाद मंडल तथा निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विस्तृत निरीक्षण के उपरांत रेलवे नियम के प्रावधानों के अंतर्गत इस खंड को विद्युत परिचालन हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित