शिमला , अप्रैल 07 -- हिमाचल प्रदेश सरकार ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एलायंस एयर के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं जिसकेतहत नयी दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला मार्गों पर दैनिक निर्धारित उड़ानें संचालित की जाएंगी।
पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन निदेशक विवेक भाटिया ने बताया कि ये उड़ानें सप्ताह के सातों दिन चलेंगी और इससे राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के लिए एयरलाइन 48 सीटों वाले एटीआर 42-600 विमान का उपयोग करेगी।
अधिकारियों के अनुसार, सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वाणिज्यिक उड़ान संचालन अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में शुरू होने की संभावना है।
श्री भाटिया ने बताया कि दोनों मार्गों का संचालन 100 प्रतिशत वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) के तहतकिया जाएगा, जिसमें पूरी लागत राज्य सरकार द्वारा एयरलाइन को अनुदान के रूप में वहन की जाएगी। इस परियोजना के लिए वार्षिक वीजीएफ व्यय का अनुमान 32.64 करोड़ रुपये लगाया गया है, जो वास्तविकबिलिंग के आधार पर होगा।
उन्होंने कहा कि यह एमओयू संचालन शुरू होने की तारीख से 12 महीने की अवधि तक प्रभावी रहेगा।
यह पहल राष्ट्रीय राजधानी और शिमला के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित करने के साथ-साथ शिमला और धर्मशाला के बीच राज्य के भीतर हवाई कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगी।
अधिकारियों का मानना है कि इससे न केवल पर्यटकों के लिए यात्रा तेज और सुविधाजनक होगी, बल्कि व्यापारिक यात्रियों और स्थानीय निवासियों को भी लाभ मिलेगा तथा राज्य के पर्यटन और उड्डयन ढांचे को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित