देहरादून , फरवरी 03 -- माचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही राज्य परिवहन निगम की एक यात्री बस मंगलवार सुबह उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत थाना कालसी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी एवं अन्य 33 घायल हो गए।
बस में चालक, परिचालक सहित कुल 36 लोग सवार थे। जिनमें से अभी तक दो महिला और एक पुरुष सहित कुल तीन लोगों की मृत्यु हो चुकी है। जबकि गम्भीर अवस्था में चालक सहित कुल 33 लोग उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेजे गए हैं।
राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के सेनानायक (कमांडेंट) आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने बताया कि आज प्रातः लगभग 10:15 बजे हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) की बस संख्या एचपी-66ए -2588 नेरवा से पौंटा साहिब जाते समय तहसील चकराता, जिला देहरादून, उत्तराखण्ड के अंतर्गत क्वानू-मिनस मोटर मार्ग पर स्थान सुदोई खड्ड के समीप अनियंत्रित होकर 100 फीट नीचे गहरी खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही चकराता, त्यूणी और मोरी से एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गईं। जिन्होंने रोप के जरिए खाई में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया।
श्री यदुवंशी ने बताया कि मौके पर ही दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मृत्यु हो चुकी है। जिनकी पहचान हिमाचल प्रदेश के शिमला जनपद की तहसील नेरवा निवासी यासमीन बेगम (46) पत्नी नेक मौहम्मद निवासी ग्राम क्यारला, रिचा (30) पत्नी वीरेन्द्र निवासी ग्राम बिजमल और धन बहादुर पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम क्यारला के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बस चालक दिनेश कुमार (54) पुत्र मोहन सिंह निवासी ग्राम पोपाट, शिमला, हिमाचल प्रदेश गंभीर अवस्था में ग्राफिक एरा अस्पताल में रखा गया है। दो अन्य गंभीर घायलों और 24 अन्य घायलों को उप जिला अस्पताल विकासनगर भेजा गया। 06 सामान्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
उन्होंने बताया कि बस सवार व्यक्तियों से जानकारी करने पर प्रथम दृष्टया एक छोटे वाहन द्वारा बस को ओवरटेक करने के दौरान बस के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होना ज्ञात हुआ है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की एक स्पेशल टीम हैलीपैड सहस्त्रधारा तथा एक टीम जौलीग्रांट में हेली लिफ्ट के लिए स्टैंडबाई है। साथ ही दून मेडिकल कॉलेज और एम्स ऋषिकेश में घायलों को विशेष उपचार की तैयारी कर ली गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित