शिमला , अप्रैल 07 -- भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उस पर बढ़ते कर, महंगाई और खराब प्रशासन के जरिये जनता पर बोझ डालने का आरोप लगाया है।

मंडी में आयोजित दो दिवसीय राज्य कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के "लूट मॉडल" से राज्य की जनता पूरी तरह परेशान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाएगी, जब तक समाधान नहीं होता।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, डॉ. राजीव भारद्वाज, श्री हर्ष महाजन, श्री सतपाल सत्ती और श्री सुरेश कश्यप समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

श्री राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उसकी नीतियों के कारण आम जनता बिजली बिलों में बढ़ोतरी, पानी के शुल्क में इजाफा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के किराए में वृद्धि और कई बस रूट बंद होने जैसी समस्याओं से जूझ रही है।

उन्होंने राशन डिपो पर आवश्यक वस्तुओं की कमी और बढ़ती कीमतों, स्टांप ड्यूटी में बढ़ोतरी, सीमेंट की महंगाई और व्यापार व परिवहन क्षेत्र पर एंट्री टैक्स के बोझ का भी मुद्दा उठाया।

ईंधन पर कराधान की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि डीजल पर 10.40 रुपये प्रति लीटर वैट और अतिरिक्त 5 रुपये प्रति लीटर सेस लगाने से महंगाई और बढ़ गई है, जबकि केंद्र सरकार राहत देने की कोशिश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित