शिमला , फरवरी 16 -- हिमाचल प्रदेश में गत एक जनवरी से 16 फरवरी तक की अवधि में हिमपात और बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक 139.2 मिमी के सामान्य औसत के मुकाबले 101.9 मिमी वर्षा हुई है, जो लगभग 27 प्रतिशत की कमी दर्शाती है। जिलावार आंकड़ों में कई प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है , हालांकि कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश भी हुई है।
जनवरी में कुछ पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के बावजूद ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी अपेक्षाकृत कम रही। जनजातीय और मध्य-पहाड़ी जिलों में बर्फ की कमी से जल स्रोतों, कृषि और ग्रीष्मकालीन जलविद्युत उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुल मिलाकर इस बार सर्दियों में बारिश और हिमपात सामान्य से कम रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित