शिमला , दिसंबर 11 -- पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश-हिमपात होने से आसार है।
मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश में मौसम फिर से बदल सकता है क्योंकि हल्की बारिश- हिमपात होने का अनुमान है। राज्य में 13 जगहों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे है। तीन जगहों पर पारा शून्य पर पहुंच गया है। वहीं लाहौल-स्पीति के आदिवासी जिले के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे होने के कारण झरने-झीलें और नाले ठोस बर्फ में तब्दील हो गये हैं। लिंगटी नाला और झरना ठोस बर्फ में जम गया है।
आज राजधानी शिमला समेत अन्य हिस्सों में धूप खिली हुई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 9.6, सुंदरनगर 2.9, भुंतर 2.4, कल्पा 1.8, धर्मशाला 7.4, ऊना 5.9, नाहन 10.1, पालमपुर 5.0, सोलन 3.4, मनाली 2.7, कांगड़ा 5.5, मंडी 4.3, बिलासपुर 6.1, हमीरपुर 4.2, जुब्बड़हट्टी 9.8, कुफरी 7.3, कुकुमसेरी -5.8, नारकंडा 4.6, भरमौर 5.7, रेकोंगपियो 3.5, बरठी 4.2, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 5.1, देहरा गोपीपुर 6.0, टैबो -7.1, नेरी 10.1 और बजैरा में 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कल तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। कल रात से राज्य में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 14 दिसंबर को राज्य के ऊपरी पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 दिसंबर को भी आसमान साफ रहने की उम्मीद है। वहीं, 10 से 12 दिसंबर तक मैदानी इलाकों और कम ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमपात के कारण मनाली-लेह रूट बंद होने के बाद, 16,800 फीट ऊंचा शिंकुला पास पर्यटकों के लिए एक नया बर्फबारी बिंदु बन गया है। हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद शिंकुला पास में करीब आधा फुट बर्फ जम गई है जिसके बाद यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। पर्यटन व्यवसायों की मांग को देखते हुए, लाहौल-स्पीति प्रशासन ने शिंकुला पास तक चार-पहिया वाहनों को जाने की अनुमति दे दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित