हमीरपुर , अप्रैल 08 -- विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की पहल पर, 'अस्पताल-सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा' दल ने हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया।
ये शिविर जनता को उनके घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हैं।
ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, सुजानपुर, बड़सर, नादौन, हमीरपुर, ऊना, चिंतपूर्णी, कुटलैहड़, हरोली, कुल्लू, जोगिंदर नगर, सुंदरनगर, घुमारवीं, बिलासपुर, श्री नैना देवी जी, धर्मपुर, जसवां, परागपुर और चुराह में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में विभिन्न दलों के कुल 844 लोगों की जांच की गयी, जिनमें 308 पुरुष और 536 महिलाएं शामिल थीं।
भाजपा के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यहां बताया कि इसके अतिरिक्त, 456 लोगों के रक्त का परीक्षण भी किया गया।
स्वास्थ्य जांच दलों में शामिल चिकित्सकों, डॉ. पंकज, डॉ. मनु प्रिया, डॉ. सृजन, डॉ. अंजू, डॉ. पंकज पटियाल, डॉ. अंशु, डॉ. अशोक, डॉ. विजय, डॉ. शिवानी, डॉ. प्रदीप, डॉ. उनीशा, डॉ. देवेश, डॉ. सुनिधि, डॉ. शगुन और डॉ. शशांक ने रोगियों की जांच की और मुफ्त दवाइयां वितरित कीं।
जांच के दौरान, 104 रोगी उच्च रक्तचाप, 72 मधुमेह, 161 हड्डी रोग, 16 स्त्री रोग और 491 अन्य विभिन्न बीमारियों से पीड़ित पाये गये।
इस अवसर पर, चिकित्सकों ने मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूकता बढ़ायी और बदलते मौसम के दौरान अपने खान-पान और जीवनशैली में सावधानी बरतने की सलाह दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित