शिमला , फरवरी 01 -- हिमाचल प्रदेश में शिमला ज़िले के दुर्गम और बर्फ़ से ढके डोडरा कवार क्षेत्र से एक 85 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला को गंभीर हालत में रविवार को सफलतापूर्वक एयरलिफ्ट कर पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई ज़िला प्रशासन, राज्य सरकार और भारतीय वायुसेना के त्वरित समन्वय से संभव हो सका। उन्होंने बताया कि मरीज़ की पहचान डोडरा कवार तहसील के किटारवाड़ी गांव की स्थायी निवासी धर्मी के रूप में हुई है, जो पिछले एक सप्ताह से पक्षाघात से पीड़ित थीं। चनशल क्षेत्र में भारी हिमपात के कारण सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया था और महिला की हालत लगातार बिगड़ रही थी। ऐसे में उनके परिजनों ने 31 जनवरी को स्थानीय प्रशासन से तत्काल चिकित्सीय निकासी की गुहार लगाई।

उन्होंने बताया कि डोडरा कवार के उपमंडलाधिकारी और नायब तहसीलदार ने शिमला ज़िला प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद मरीज़ को एयरलिफ्ट करने की सिफ़ारिश की गई। राज्य सरकार ने तत्परता दिखाते हुए वायुसेना से समन्वय कर हेलीकॉप्टर सहायता सुनिश्चित की। इलाके में आज प्रतिकूल मौसम के बावजूद उच्च हिमालयी क्षेत्र में वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर तैनात किए गए। इनमें एक हेलीकॉप्टर से मरीज़ को एक परिजन के साथ एयरलिफ्ट किया गया, जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर से परिवार के अन्य सदस्यों को ले जाया गया।

प्रारंभ में मरीज़ को आईजीएमसी शिमला ले जाने की योजना थी, लेकिन खराब मौसम के कारण वहां सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सका। इसके बाद गंतव्य बदलकर चंडीगढ़ किया गया और दोनों हेलीकॉप्टर पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचे, जहां मरीज़ को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि भीषण मौसम और बाधित सड़क संपर्क के चलते यह निकासी केवल हवाई मार्ग से ही संभव थी। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी पीजीआई में तैनात हैं और मरीज़ व उनके परिजनों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित